डीएसटी टीम और धोरीमन्ना पुलिस ने रविवार की रात को खरड़ गांव में धोरों के बीच स्थित एक मकान में दबिश देकर एमडी बनाने के उपयोग में आने वाला 186.940 किलो केमिकल बरामद किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान घर में कोई भी मौजूद नहीं था। पुलिस मकान मालिक सोहनलाल की तलाश कर रही है। डीएसटी को सूचना मिली थी कि खरड़ निवासी सोहनलाल और सुरेंद्र दोनों एमडी बनाने व बेचने का काम करते हैं। दो दिन पहले ही खरड़ सरहद में धोरों के बीच स्थित सोहनलाल के घर में एमडी बनाने के लिए फैक्ट्री स्थापित करने के लिए केमिकल से भरे ड्रम और जरूरी उपकरण लाए हैं। डीएसटी व धोरीमन्ना पुलिस ने दबिश दी। तलाशी के दौरान एमडी निर्माण में प्रयुक्त होने वाले 186.940 किलो. केमिकल का ड्रम बरामद किया। जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री संचालन के लिए आरोपियों ने बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया भी कर ली थी। पुलिस ने बरामद केमिकल को जब्त कर आरोपी सोहनलाल, सुरेंद्र और एक अन्य आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी सोहनलाल निवासी खरड़ के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज है। इनमें एनडीपीएस एक्ट के 3, चोरी के 8 व लूट का 1 मुकदमा दर्ज है। भास्कर एक्सप्लेनर -आधुनिक लैब का सेटअप कर रहे हैं तस्कर, इनके तार गुजरात व महाराष्ट्र के बड़े बदमाशों से भी जुड़े कुछ साल पहले ड्रग तस्करी की वारदातें अधिक होती थी। अब बाड़मेर जिला ही एमडी ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग का हब बनता जा रहा है। पुलिस ने यहां से न केवल ड्रग्स बल्कि उसे बनाने के लिए आधुनिक उपकरण जैसे कांच के फ्लास्क, वैक्यूम पंप, कंडेनसर, इलेक्ट्रॉनिक थर्मल रॉड और मोटर स्टेबलाइजर जब्त किए हैं। यह आधुनिक क्लांडेस्टाइन लैब के सेटअप में काम आता है। इन ड्रग्स फैक्ट्रियों और माफिया के तार गुजरात, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए मिले हैं। यह माफिया एक्सपर्ट को बाहर से बुलाते हैं और एमडी ड्रग्स तैयार करवाते हैं। क्षेत्र में पिछले डेढ़ साल में एमडी ड्रग्स बनाने की पांच फैक्ट्री पकड़ी है। ड्रग्स बनाने के लिए अमोनिया क्लोराइड, क्लोरोफॉर्म, टॉल्वीन और ब्रोमीन सहित कई केमिकल भी बरामद किए। ड्रग्स बनाने के उपयोग में आने वाले केमिकल मेडिसिन फैक्ट्री में उपयोग लिया जाता है, लेकिन बाड़मेर में कहीं भी मेडिसिन फैक्ट्री नहीं है। बॉर्डर इलाके में पांचवीं ड्रग फैक्ट्री पकड़ी 10 सितंबर 2024: रामसर इलाके के खारा राठौड़ान में एमडी फैक्ट्री पकड़ी।
22 जुलाई 2025: धोलकिया में एक घर में एमडी फैक्ट्री पकड़ी,9 गिरफ्तार।
19 दिसंबर 2025 : आदर्श चवा में एमडी फैक्ट्री पकड़ी। खेत मालिक गिरफ्तार।
5 फरवरी 2026: भैरूड़ी गांव में ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी। खेत मालिक गिरफ्तार।
15 फरवरी 2026: खरड़ गांव में ड्रग्स फैक्ट्री के लिए केमिकल व सामग्री पकड़ी।


