जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौत हो गई। नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। यह घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे राछाभाटा के नाले के पास हुई। ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया खराब होने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। नवागढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक के चालक को रात के अंधेरे में खड़ी ट्रॉली दिखाई नहीं दी और वह सीधे उससे जा टकराई। टक्कर के बाद नाले में गिरी बाइक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और सड़क पर खून फैल गया। बाइक नाले में जा गिरी। सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय करण कश्यप और कार्तिक कश्यप के रूप में हुई है। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


