भास्कर न्यूज | चित्तरंजन फूलबेड़िया गांव में रविवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया जब गांव के दुकानदारों ने लगातार चल रहे ईसीएल के कोयला लदे डंपरों को रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि डाबर और मोहनपुर कोलियरी से निकले कोयले को समडी-फूलबेड़िया होते हुए बनजेमारी साइडिंग तक ले जाया जाता है, जिससे रास्ते की हालत बेहद खराब हो चुकी है। दुकानदारों का कहना है कि ओवरलोड डंपरों के कारण सड़कें टूट चुकी हैं और भारी मात्रा में धूल उड़ने से घर-दुकान सब बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। धूल से सांस की बीमारियां फैल रही हैं और स्कूली बच्चों को भी खतरा बना रहता है। विरोध स्वरूप दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और चाबियां सुरक्षा कर्मियों के हवाले कर िदया। सूचना पाकर सालानपुर थाना के समडी कैम्प की पुलिस और सुरक्षा गार्ड जयदेव राय मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, तब तक डंपरों को नहीं छोड़ा जाएगा। अंततः पांच घंटे के गतिरोध के बाद ईसीएल के सुरक्षा प्रभारी दिलीप प्रसाद के आश्वासन पर ट्रांसपोर्ट चालू िकया गया।


