खरोरा के पास मांठ तिल्दाडीह पहुंच मार्ग पर स्थित सगौन वाटिका में एक युवक का अर्धनग्न शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खरोरा के वार्ड क्रमांक 10 निवासी किशोर उर्फ मोनू (27) के रूप में हुई है। शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह सामने आई जब सगौन वाटिका नामक प्लाटिंग जमीन के गेट के पास एक युवक का शव देखा गया। शव अर्धनग्न अवस्था में था और उस पर गहरे जख्मों के निशान थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर खरोरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। शव के सिर पर चोटों के निशान मिले, हत्या की आशंका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त का प्रयास किया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान खरोरा निवासी किशोर उर्फ मोनू के तौर पर हुई। मृतक के शरीर और सिर पर कई जगह चोट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे, जो किसी धारदार हथियार या भारी वस्तु से किए गए प्रतीत होते हैं। शव को देखकर ऐसा लगता है कि युवक को बहुत बुरी तरह से पीटा गया है और सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई है। हर एंगल से जांच कर रही पुलिस पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने का दावा कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


