खरौंधी | पलामू लोकसभा क्षेत्र के सांसद विष्णुदयाल राम ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से खरौंधी प्रखंड में नये सांसद प्रतिनिधि की नियुक्ति की है। सांसद ने खरौंधी प्रखंड के अरंगी निवासी सुशील कुमार यादव को प्रखंड सांसद प्रतिनिधि मनोनीत किया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी खरौंधी बाजार निवासी रामखेलावन पासवान के पास थी। सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि सुशील कुमार यादव भाजपा के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता हैं। वे लंबे समय से पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। उनके कार्य और निष्ठा को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सांसद की अनुपस्थिति में वे प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों की निगरानी करेंगे तथा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का कार्य करेंगे।इधर सुशील कुमार यादव ने सांसद द्वारा दी गई जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सांसद विष्णुदयाल राम के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना और जनता की समस्याओं को समाधान तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही संगठन को और मजबूत करने के लिए भी वे निरंतर कार्य करते रहेंगे।सुशील कुमार यादव को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


