खल्लारी और तेंदुकोना में छापा मारकर 57 लीटर शराब पकड़ी, 4 को जेल भेजा

भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खल्लारी और थाना तेंदुकोना की पुलिस ने महुआ शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचते पकड़ा है। इस कार्यवाही में भारी मात्रा में शराब जब्त की गई है और मौके पर भारी मात्रा में लाहन (कच्चा माल) नष्ट किया गया है। थाना खल्लारी पुलिस ने ग्राम खम्हारमुड़ा में घेराबंदी कर दबिश दी। यहां आरोपी आनंद राम रावत (31) को अवैध महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 25 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तेंदुकोना क्षेत्र के ग्राम कौनसरा और घोंच में पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। यहां से पुलिस ने तीन आरोपियों मेन कुमार चंद्राकर, भुवनेश्वर दीवान और दिलीप निर्मलकर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से न केवल 12 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब मिली, बल्कि भारी मात्रा में (80 पावा) देशी प्लेन शराब भी बरामद की गई। पुलिस ने इस अभियान के दौरान न केवल शराब बल्कि तस्करी में इस्तेमाल सामान भी जब्त किया है। उनके कब्जे से 37 लीटर महुआ शराब और 20 लीटर (80 पावा) देशी प्लेन शराब, परिवहन में प्रयुक्त बाइक सीजी 06 जीपी 2568, दो मोबाइल फोन कीमत 10 हजार और शराब बनाने के बर्तन को जब्त किया है। साथ ही भारी मात्रा में महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस सक्रियता से अवैध शराब निर्माताओं और विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *