क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर केंदा घाटी में मंगलवार सुबह एक कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में ट्रेलर का ड्राइवर प्रकाश महरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं कोयला हटाते समय ट्रेलर का खलासी उमेश विश्वकर्मा नीचे दबा मिला। मध्यप्रदेश शहडोल के ग्राम धनपुरी के उमेश विश्वकर्मा ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 पीजे 3515 के ड्राइवर प्रकाश महरा के साथ बिलासपुर जा रहे थे। सुबह ही ट्रेलर केंदा घाटी के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। ग्रामीणों ने जैसे ही सूचना दी, पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला। खलासी उमेश का शव कोयला हटाने पर नीचे दबा मिला। उनके भाई बुद्धसेन विश्वकर्मा की सूचना पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। ट्रेलर मालिक को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने बताया कि जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। इसी जगह 2 दिसंबर को यात्रियों से भरी बस भी पलट गई थी। उस हादसे में एक शख्स की मौत हुई थी और आधा दर्जन लोग मामूली रूप से घायल हुए थे। उस रात बस के खलासी ने मालिक से बदला लेने के लिए बस में आग लगाने की भी कोशिश की थी।


