डीग जिले के कामां-बरसाना मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। केपी ड्रेन के पास एक तीव्र मोड़ पर 2 कारें बेकाबू होकर खाई में एक-दूसरे के ऊपर पलट गईं। इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के थाना छाता क्षेत्र के गांव महरावली निवासी नवली पुजारी सहित कुछ लोग एक कार से कामां थाना क्षेत्र के गांव पल्ला में सुरेश पुजारी के बेटे विनोद की लगन-सगाई में शामिल होने जा रहे थे। कामां केपी ड्रेन नहर के पास तीव्र मोड़ पर उनकी कार पलट गई। इस हादसे में कार सवार रवि पुत्र लीला पुजारी, नैम सिंह पुत्र इन्द्रा बघेला, रविन्द्र सिंह पुत्र खिल्लो गुर्जर और जितेन्द्र पुत्र ब्रजमोहन बडाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कामां पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत कामां के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी 4 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी दौरा, घटनास्थल पर पहुंचे कुछ अन्य लोगों को भी एक दूसरी कार ने टक्कर मार दी।
इस दूसरी घटना में पल्ला निवासी राम पुत्र मोहनदास पुजारी, कनवाड़ा निवासी गोविंद पुत्र रामहंस और हरिओम पुत्र मोहन सिंह गुर्जर घायल हो गए।
इन घायलों को भी कामां अस्पताल ले जाया गया, जहां से गोविंद और राम को गंभीर हालत में भरतपुर आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों हादसों की जानकारी ली है और मामले की जांच शुरू की।


