बाबा श्याम का लक्खी मेला शुक्रवार से शुरू होगा। मेला 12 दिन तक चलेगा। मुख्य मेला 10-11 मार्च को भरेगा। पहले दिन बाबा की विशेष सेवा-पूजा व श्रृंगार के कारण मंदिर के पट शाम 5 बजे बाद खुलेंगे। पट गुरुवार रात 10 बजे बंद हो जाएंगे। वहीं मेले में इस बार 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वहीं इस बार मेले में रींगस से पैदल आने वाले श्रद्धालुओं को करीब 35 किमी का सफर तय करने के बाद बाबा के दर्शन होंगे। क्योंकि प्रशासन ने महाकुंभ में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए चारण मेला मैदान में दो ब्लॉक और बढ़ा कर 6 जिगजैग तैयार करवाए हैं। अब श्रद्धालुओं को रींगस से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। पिछली बार ये दूरी करीब 28 किमी थी। वैसे रींगस से खाटू की दूरी करीब 17 किमी है। मेला मजिस्ट्रेट मोनिका सामोर ने बताया कि इस बार बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मार्ग में बदलाव किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यवस्था की है जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि प्रशासन का दावा है कि यह नई व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। खाटू धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु लक्खी मेले में आते हैं।


