भास्कर न्यूज | कोरबा जिले में 20 फरवरी को उचित मूल्य की दुकानों में चावल उत्सव मनाएंगे। सोसाइटियों में हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण पर निगरानी रखने सभी पंचायत के लिए एक-एक विभागीय अधिकारी को नोडल नियुक्त किया है, जो निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की मानिटरिंग करेंगे। उचित मूल्य दर पर पीडीएस प्रणाली से राशन कार्डधारी हितग्राहियों को खाद्यान्न का हर महीने वितरण किया जाता है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने चावल उत्सव के मद्देनजर अधिकारियों को जरूरी तैयारियां समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की टीएल बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में समय पूर्व पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न का भंडारण सुनिश्चित किया जाए। वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित रखा जाए। ताकि हितग्राहियों को किसी तरह की असुविधा न हो। खाद्यान्न वितरण में अनियमितता या लापरवाही बरतने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई क जाएगी। इन्हें आरएसी जारी कर शासकीय राशि की वसूली करेंगे। इस संबंध में कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है। डीईओ को जन्म प्रमाण पत्र और आधार अपडेट में आ रही तकनीकी अथवा दस्तावेजी समस्याओं के कारण अपार आईडी से छूटे हुए स्कूली बच्चों की पहचान कर जरूरी अभिलेखों की पूर्ति जल्द कराने होंगे। इस पर कलेक्टर ने जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। ताकि पोर्टल शुरू होते ही पात्र छात्रों की अपार आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में कलेक्टर ने सीएम की घोषणा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सोलर पैनल स्थापना में तेजी लाने विभागीय अधिकारियों को वेंडर्स की नियमित बैठक लेने निर्देशित किया। बैठक में निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, कटघोरा एसडीएम तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल समेत सभी एसडीएम, नगरीय निकाय सीएमओ व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


