कस्बा कामवन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 4 पनीर डेयरियों से नमूने लिए। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के सीजन में मिलावट रोकना था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभ मंगला, सीएमएचओ डॉ. विजय सिंघल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम- 2006 के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान केपी ड्रेन स्थित चौधरी मिल्क डेयरी, भोजन थाली रोड स्थित ओम मिल्क प्रोडक्ट और श्रीराम मिल्क प्रोडक्ट तथा जुरहरा रोड स्थित राहुल डेयरी से पनीर के नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भरतपुर भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। भास्कर इनसाइट कामवन से अन्य राज्यों में होता है पनीर सप्लाई एनसीआर से सटे कामवन क्षेत्र में करीब 40 से 45 पनीर डेयरियां संचालित हैं, जहां से बड़ी मात्रा में पनीर की सप्लाई दिल्ली की जाती है। स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन कम होने के बावजूद प्रतिदिन 100 से 150 क्विंटल तक पनीर तैयार किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार कुछ डेयरियों में अधिक उत्पादन के लिए दूध पाउडर, सोया ऑयल और अन्य रसायनों के इस्तेमाल की आशंका जताई जाती रही है।


