भास्कर न्यूज | अमृतसर खालसा कॉलेज के कॉमर्स विभाग ने बजाज फिनसर्व लिमिटेड के सहयोग से बैंकिंग, फाइनेंस और इंश्योरेंस (सीपीबीएफआई) के चौथे बैच का ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किया। कॉलेज की कार्यकारी प्रिंसिपल डॉ. अरविंदर कौर काहलो के दिशा-निर्देश में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह प्रोग्राम कॉलेज और बजाज फिनसर्व के बीच हुए समझौते का हिस्सा है। इसका उद्देश्य छात्रों को बैंकिंग, फाइनेंस और बीमा क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। भारत सरकार के नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा प्रमाणित इस कोर्स में छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और जरूरी हुनर सिखाया जाएगा। इस मौके पर डॉ. काहलो ने प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर डॉ. अजय सहगल की मौजूदगी में छात्रों के पेशेवर विकास पर जोर दिया। उन्होंने वित्त के सैद्धांतिक और व्यावहारिक ज्ञान की महत्ता बताई। साथ ही, सही रवैया, विषय ज्ञान और संचार कौशल विकसित करने के फायदों पर चर्चा की। डॉ. सहगल ने कार्यक्रम के विषय पर प्रकाश डालते हुए समूह रिसोर्स पर्सन, फैकल्टी और प्रतिभागियों का स्वागत किया।


