छत्तीसगढ़ के बालोद में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। महिला का शव उसके घर की किचन में फर्श पर पड़ा मिला। जबकि गले में फंदा था जो खिड़की से बंधा था। मामला संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने दुर्ग से फोरेंसिक टीम बुलाकर घर से कई अहम सैम्पल जुटाए। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। दरअसल, मामला बालोद शहर के वार्ड क्रमांक 10 पुलिस कॉलोनी के पास स्थित कुर्मिपारा का है। जहां सोमवार सुबह याशमीन खान (30) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस ने जांच के बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेजा। देर शाम याशमीन का अंतिम संस्कार आमापारा कब्रिस्तान में किया गया। जहां समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। घर में खून के धब्बे और टूटी शराब की बोतल मिली शुरुआती जांच में बालोद पुलिस को घर के अंदर शराब की फूटी हुई बोतल मिली है। महिला के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए। जिससे खून निकलकर चेहरे पर फैल गया था। फोरेंसिक टीम को दरवाजे की चौखट समेत घर के कई हिस्सों में खून के छींटे मिले। जिन्हें जांच के लिए एकत्रित कर लिया गया है। किचन में नहीं मिला कोई सामान बिखरा हुआ बालोद पुलिस के अनुसार, किचन में कोई भी सामान के बिखरने या गिरने जैसा संकेत नहीं दिखाई दे रहे थे। जिस जगह पर शव मिला वहां का बर्तन, मटका, घड़ा और अन्य सभी चीजें अपनी जगह सुरक्षित पाई गईं। इसी संदेह के चलते दुर्ग से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके। पति ने कहा- सुबह देखा, पुलिस ने कहा- हर एंगल से जांच जारी इस मामले पर पुलिस ने मृतका के पति अनवर खान से पूछताछ की है। जिसने बताया कि सुबह नींद से जागने पर उसने पत्नी को इस हालत में देखा। वहीं बालोद एसडीओपी देवांश सिंह राठौर का कहना है कि फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने बाकी हैं। पूरी जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।


