राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार का खतरनाक नतीजा सामने आया। जालमपुरा गांव के पास बिजली ग्रिड के समीप एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और मिट्टी के ढेर पर चढ़ने के बाद उछलते हुए करीब 25 फीट दूर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में वाहन चला रहे ड्राइवर के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि साथ बैठा व्यक्ति सुरक्षित बच गया। दरअसल, पचोर निवासी महेश गुप्ता अपने परिवार के साथ सफेद स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP 09 CN 1471 से खिलचीपुर एक मृत्यु भोज कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम में जाने के बाद उनके ड्राइवर होकम चारण स्कॉर्पियो लेकर पास के बरुखेड़ी गांव में अपने मामा से मिलने चले गए। कुछ समय रुकने के बाद वह अपने रिश्तेदार अजय चारण को साथ लेकर वापस खिलचीपुर लौट रहे थे। हवा में उछली, दूर जाकर पलट गई
इसी दौरान जालमपुरा बिजली ग्रिड के पास पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज गति से सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर पर चढ़ने के बाद स्कॉर्पियो हवा में उछली और सड़क से नीचे गड्ढे में 25 फिट दूर पलट गई। हादसे में खुजनेर थाना क्षेत्र के देवली गांव निवासी ड्राइवर होकम चारण के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि वाहन में सवार अजय चारण को कोई चोट नहीं आई। हादसा होते देख वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने तत्काल मदद करते हुए वाहन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। घायल ड्राइवर को तत्काल खिलचीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वाहन मालिक महेश गुप्ता और उनका परिवार व रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


