राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में कल (बुधवार) एक बड़ा धार्मिक और सामाजिक आयोजन होगा। सकल हिंदू समाज द्वारा स्टेडियम ग्राउंड में हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस सम्मेलन का मुख्य आकर्षण समरस यज्ञशाला होगी, जिसे सामाजिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। आयोजन स्थल पर पांच बेदियों वाली यह यज्ञशाला बनाई गई है। सम्मेलन में प्रवेश से पहले, प्रत्येक समाज के लोग इन पांचों बेदियों पर आहुति अर्पित करेंगे। आयोजकों के अनुसार, यह परंपरा समाज के हर वर्ग की समान सहभागिता और समरसता को दर्शाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे लाल दास जी मंदिर, भोजपुर नाके से निकलने वाली कलश शोभायात्रा से होगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे तक सभी कलश यात्राएं और सकल हिंदू समाज के सदस्य आयोजन स्थल पर एकत्रित हो जाएंगे। इसके बाद धर्मसभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धर्मसभा को संबोधित करने के लिए उज्जैन से श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा गिरि (साध्वी वर्षा नागर), श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, पहुंच रही हैं। आयोजन के लिए नगर को भगवा पताकाओं से सजाया गया है। स्टेडियम ग्राउंड में विशाल टेंट, बैठक व्यवस्था और अन्य सुविधाएं अंतिम चरण में हैं। सम्मेलन के कारण नगर के कई व्यापारियों ने शाम तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आयोजन में शामिल होने की सहमति दी है। कार्यक्रम के समापन पर सहभोज भी होगा।


