कोंडागांव| शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के दो प्रतिभाशाली छात्र लच्छू सोरी एवं संतु नाग राज्य स्तरीय खो-खो पुरुष प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अंबागढ़ चौकी रवाना हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन उत्तर बस्तर सेक्टर खो-खो पुरुष दल में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इससे महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। गौरतलब है कि 11 से 12 फरवरी 2026 को शासकीय शहीद गेंद सिंह महाविद्यालय, चारामा में आयोजित सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर सेक्टर के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में लच्छू सोरी और संतु नाग ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 25 फरवरी 2026 तक शासकीय लाल चक्रधर शाह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबागढ़ चौकी में किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के 11 सेक्टरों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पूर्व 20 से 22 फरवरी तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर खिलाड़ियों को तकनीकी एवं रणनीतिक प्रशिक्षण दिया गया। क्रीड़ा अधिकारी एचआर यदु ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास और अनुशासन का ही यह परिणाम है। दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।


