भास्कर न्यूज |लुधियाना गैस सिलेंडर और अन्य कंपनियों के डिलीवरी ड्राइवरों को निशाना बनाकर लूट की वारदात करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। थाना जोधेवाल पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने काकोवाल रोड पर एक फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक बाइक, खिलौना पिस्टल, लोहे का दातर,10 लूटे गए मोबाइल फोन और करीब 10 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जस्स सिंह उर्फ बन्नी उर्फ बबलू (23) और गुरविंदर सिंह उर्फ रूबी (24) निवासी गांव छोले के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी गैस एजेंसी और अन्य कंपनियों के डिलीवरी ऑटो चालकों को सुनसान इलाकों में रोकते थे। वे खिलौना पिस्टल दिखाकर उन्हें डराते और फिर नकदी व मोबाइल फोन लूटकर बाइक से फरार हो जाते थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार,11 फरवरी को काकोवाल रोड पर एक डिलीवरी कर्मचारी से 11,500 रुपए की लूट भी इन्हीं आरोपियों ने की थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों के खिलाफ थाना जोधेवाल में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 7, 12 और 13 फरवरी 2026 को हुई लूट की वारदात शामिल हैं। इसके अलावा पुरानी चोरी और छीना-झपटी के केस भी विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।


