वित्त मंत्री दिया कुमारी ने नागौर जिले के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की है। इसमें सबसे बड़ी सौगात मेड़ता क्षेत्र को मिली है, जहा कुड़की से धनेरिया वाया दासवास तक 32.5 किमी लंबी सड़क 40 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। खींवसर में स्टेट हाईवे 87 से नेशनल हाईवे 62 तक 4 किमी का हिस्सा 11 करोड़ की लागत से फोरलेन किया जाएगा। साथ ही, खींवसर के भोजास से भादला इदा की होदी तक 9 किमी सड़क के लिए 3.60 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
डेगाना क्षेत्र में जाखेड़ा से हनुमान बगीची तक 1.75 करोड़ और चुई से कीरोदा तक 1.53 करोड़ की लागत से सड़कें बनेंगी। मेड़ता के भैंसड़ा से चावण्डिया कलां तक 6.5 किमी सड़क के लिए 3.90 करोड़ और जायल की विभिन्न सड़कों के लिए 2.75 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
सड़कों के अलावा खींवसर में युवाओं के लिए खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। वहीं, खींवसर के ‘A’ श्रेणी पशु चिकित्सालय को अब बहु-उद्देश्यीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है, जिससे पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि सड़को की स्वीकृति में खींवसर को मूल बजट में भी कई सौगातें मिली थी। आज हुई घोषणाओं में भी सबसे ज्यादा प्रमुखता खींवसर को ही दी गई है। नागौर विधानसभा के लिए इसमें कोई घोषणा नहीं हुई है। मूल बजट में भी नागौर मुख्यालय के लिए अलग से कोई बड़ी घोषणा नहीं हुई थी जिसकी वजह से नागौर के लोगों को में थोड़ी निराशा है।


