अगर प्रशासन खेत का रास्ता नहीं दिला सकता, तो अनुदान में हेलिकॉप्टर दे दे। इससे मैं अपने खेत तक पहुंच पाऊंगा और उसकी देखभाल कर सकूंगा। मेरा पूरा परिवार इसी खेत पर निर्भर है। ये मांग किसान संदीप पाटीदार निवासी छोटा बड़दा ने अंजड़ तहसील में रविवार को सांसद समाधान शिविर में लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के सामने रखी है। दरअसल, किसान पाटीदार के खेत का रास्ता पिछले 10-15 सालों से गांव के लोगों ने बंद कर रखा है। इससे वह अपनी खेत पर जा नहीं पाता है। इस समस्या को लेकर वह कई बार तहसीलदार और पटवारी से शिकायत भी कर चुका है, लेकिन अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई करके चले जाते हैं। इससे परेशान होकर किसान संदीप आज समाधान शिविर में पहुंचा था। जहां वह खेत पर जाने के लिए रास्ते की मांग करने लगा। साथ ही सांसद पटेल से कहा मुझे हेलिकॉप्टर खरीदने की परमिशन और अनुदान दोनों चाहिए। इस दौरान उसने प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी भी जताई। सांसद बोले- समस्याओं का समाधान हमारा संकल्प है सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि सांसद समाधान शिविर का आयोजन अंजड़ नगर में किया गया है। जहां क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करने का संकल्प है। शिविर में कई शिकायतकर्ताओं के आवेदन हमें मिले हैं। कई समस्याओं के आवेदन हमारे पास आए हैं। जिसका समाधान कराया जाएगा।


