सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खैजरा इज्जत गांव में खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुए झगड़े में पांच लोगों ने मिलकर एक किसान की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामूली कहासुनी के बाद घात लगाकर हमला मृतक की पहचान 55 वर्षीय भगवान दास यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुबह भगवान दास का गांव के ही जयराम, केदार, करतार, नीरज और केदारनाथ यादव से विवाद हुआ था। विवाद का कारण केवल खेत में मवेशियों का घुसना था। उस समय तो मामला शांत हो गया और भगवान दास अपने मवेशियों को चराने के लिए घर से निकल गए, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बाकी थी। गर्दन पर कुल्हाड़ी के वार, मौके पर ही मौत आरोप है कि पांचों आरोपी एक राय होकर हत्या के इरादे से भगवान दास के पीछे जंगल की ओर गए। वहां सुनसान जगह देखकर उन्होंने किसान पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। हमले के दौरान गर्दन पर गहरा घाव लगने के कारण भगवान दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का बुरा हाल है। पांचों आरोपियों पर हत्या का केस घटना की सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि मृतक की बहू देवी यादव की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है।


