खेलने को लेकर विवाद: बुजुर्ग को मारी गुल्ली, बेटे पर ईंटों से हमला

बस्ती जोधेवाल के सुखदेव नगर इलाके में शनिवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि खाली प्लॉट में रोजाना गुल्ली-डंडा खेलकर उत्पात मचाने वाले युवकों ने पहले एक बुजुर्ग को गुल्ली मार दी। विरोध करने पर उनके बेटे पर ईंटों और बैडमिंटन रैकेट से हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि की। पीड़ित ने बताया कि शनिवार शाम उसके पिता घर के बाहर चाय पी रहे थे। इसी दौरान खेलते समय गुल्ली आकर उन्हें लगी, जिससे वे घायल हो गए। जब सरबजीत युवकों को समझाने उनके घर गया कि वे कहीं और खेलें और परिवार को परेशान न करें, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। सरबजीत का आरोप है कि हमलावरों ने बैडमिंटन रैकेट से उसके मुंह पर वार किया और बाद में ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। हमले में उसका माथा फट गया। घायल की पत्नी सुरिंदर कौर ने बताया कि जब वह पति को बचाने पहुंचीं तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और गर्दन पर नाखूनों से खरोंचें मार दीं। परिवार का आरोप है कि यही युवक मोहल्ले की बच्चियों पर फब्तियां कसते हैं, जिससे बच्चियां डर के कारण बाहर नहीं निकल पातीं। उनका दावा है कि आरोपियों में एक युवक ऐसा भी है, जिसका पहले एक महिला से लूट की कोशिश का वीडियो वायरल हो चुका है। घायल ने इलाज के बाद पुलिस को शिकायत दी। थाना बस्ती जोधेवाल में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी लवप्रीत ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *