छठी खेलो इंडिया शीतकालीन चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। टीम ने कुल 14 पदक जीते, जिनमें 6 स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह चैंपियनशिप कश्मीर के गुलमर्ग में 23 से 26 फरवरी तक आयोजित की गई थी। हिमाचली टीम ने 6 स्वर्ण, 7 रजत और 1 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। इंडियन आर्मी रही पहले स्थान पर टीम के प्रबंधक प्रवीण सूद ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में इंडियन आर्मी की टीम 23 पदकों के साथ पहले स्थान पर रही। उन्होंने कहा कि हिमाचल की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है और खिलाड़ियों ने राज्य का नाम रोशन किया है। विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन प्रवीण सूद के अनुसार, हिमाचल की टीम ने अल्पाइन स्की में दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते। इसके अलावा, स्की माउंटेनियरिंग में दो स्वर्ण और दो रजत पदक, स्नो बोर्डिंग में दो स्वर्ण और दो रजत पदक, तथा आइस स्केटिंग में एक कांस्य पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों का चयन नेशनल टीम के लिए उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अब उनका चयन नेशनल टीम के लिए किया जाएगा। इससे हिमाचल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण की जरूरत युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा नियुक्त टीम के चीफ डी मिशन राकेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार से आग्रह किया जाएगा कि जिन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण या अभ्यास के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाता, उन्हें बेहतर जगहों पर भेजा जाए। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को और निखारा जा सकेगा।


