झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन, पश्चिमी सिंहभूम साइकिलिंग एसोसिएशन और साईं ने चाईबासा के सोनुआ में अस्मिता साइकलिंग सिटी लीग 2025-26 का आयोजन किया। यह आयोजन खेलो इंडिया विमेंस सिटी लीग के तहत किया गया। प्रतियोगिता में सीनियर और जूनियर वर्ग की सैकड़ों लड़कियों ने हिस्सा लिया। राज्य में यह प्रतियोगिता दो स्थानों पर आयोजित की जा रही है। पहला आयोजन चाईबासा में हुआ और दूसरा लोहरदगा में होगा। इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। स्थानीय खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं: अजय नायक पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलिंपिक संघ के सचिव अजय नायक ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें बस उचित मंच की जरूरत है। झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन की इस पहल से लड़कियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। झारखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के कोच राम कुमार भट्ट ने इस आयोजन को भारत सरकार की सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा। विजेता खिलाड़ियों को पश्चिमी सिंहभूम साइकिलिंग एसोसिएशन की जिला सचिव गुलांची बहनादा, जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक और अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया।