खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला के बेलदा थाना के खलीना गांव में दोल पर्व को लेकर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता बुजुर्गों ने हिस्सा लेकर बुढ़ापे में भी खेल के प्रति अपनी भावना को जीवित रखते हुए यह संदेश दिया कि उम्र कभी भी किसी भी क्षेत्र में बाधा नही बन सकती। खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने बुढ़ापे को मात दी। मालूम हो कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय ग्रामीणों की पहल से विशेष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जहां बुजुर्गों के मनोरंजन के लिए पैदल चाल प्रतियोगिता, कुर्सी पकड़ो, गुब्बारा फोड़ना और मटकी फोड़ने जैसी कई गतिविधियां और प्रतियोगिता शामिल थीं। बताते चले कि करीबन 20 वर्षों से चल रहे इस आयोजन में 90 से 100 साल के बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। यह असाधारण पहल उन लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए है जो अपनी उम्र के कारण रंगों से नहीं खेल सकते है। इस दिन प्रतियोगिता के आरंभ में दिवंगत प्रतिभागियों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उद्यमी सुशांत ढल ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बड़े-बुजुर्ग किसी से कम नही होते है। सभी प्रतियोगियों को विशेष उपहार दिए गए।


