भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को हुई। नगर के एकमात्र खेल मैदान में सभी तरह के सामाजिक व पारिवारिक आयोजन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। बैठक में पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की। नगर में बच्चों के खेलने के लिए एक ही मैदान है। इसमें भी बिना अनुमति के लोग सामाजिक सम्मेलन व पारिवारिक आयोजन कर रहे हैं। बिना अनुमति के मैदान की खुदाई कर उसे ऐसा छोड़ देने व कचरा छोड़ देने से खिलाड़ियों को खेलने और खेल संघों को कई तरह की परेशानी हो रही है। मैदान का उपयोग शासन से जुड़े शासकीय कार्य के लिए ही दिया जाएगा। इसकी अनुमति भी कलेक्टर के निर्देश पर दिया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह परंपरानुरूप नगरीय निकाय मुख्यालय में दो दिन तक मनाए जाने का निर्णय लिया गया। पहले दिन 26 जनवरी को देशभक्ति से परिपूर्ण आयोजन होंगे। दूसरे दिन नगर की सभी शैक्षणिक संस्थाएं छत्तीसगढ़ी लोक कला व देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगी। प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई सामान्य सभा में गणतंत्र दिवस के अलावा नगर विकास से जुड़े कई मुद्दों पर निर्णय लिया गया। एक घंटे चली सामान्य सभा में पार्षदों ने सर्वसम्मति से गणतंत्र दिवस समारोह को 26 व 27 जनवरी को मनाने का निर्णय लिया। कार्यक्रम हमेशा की तरह सिंह आत्मानंद अंग्रेजी व हिंदी माध्यम शाला, कन्या क्रीड़ा परिसर में होगा। इस दौरान नगर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। नगर विकास में उल्लेखनीय कार्य करने वाले और सृजनात्मक व रचनात्मक कार्य करने वाले सेवाभावी व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य सड़क पर लगा रहे हैं तिरंगा रोपवे एलईडी लाइट मुख्य मार्ग को तिरंगा झंडा कलर की रोपवे लाइट से सजाया जा रहा है। यह लाइट प्रथम चरण में राजीव गांधी चौक से लाल भीष्म देव शाह चौक, शहीद नवाब खान चौक, बस स्टैंड तक लगाया गया है। दूसरे चरण में भारत माता चौक व परमेश्वरी नगर तक लगाया जाएगा। सौंदर्यीकरण के लिए यह तिरंगा एलईडी लाइट नपं अध्यक्ष की अनुशंसा पर अध्यक्ष निधि से लगाया जा रहा है। चौकी से राजनांदगांव मुख्य मार्ग में इस लाइट के लगाए जाने के बाद रात में नगर का सुंदरता बढ़ गई है। यहां के निवासी वरिष्ठ नागरिक रामगोपाल शर्मा, डॉ. पीबीके सरकार, धर्मेंद्र रामटेके ने इस पहल को सराहनीय बताया।


