खैरथल में भोजपुर मंडल क्षेत्र का हिंदू सम्मेलन श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में नागल संतोकरा, हासपुर और गांधीनगर गांवों के लोगों का विशेष सहयोग रहा। सम्मेलन में क्षेत्र के नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। इससे पूरे परिसर में सामाजिक एकता और संगठन का संदेश प्रसारित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भिवाड़ी के जिला कार्यवाह अनिल रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में हिंदू समाज को संगठित और सजग रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जात-पात और आपसी भेदभाव को त्यागकर समाजहित में मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। अनिल ने ‘पांच परिवर्तन’- सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी अपनाना, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने से एक सशक्त और जागरूक राष्ट्र का निर्माण संभव है। सम्मेलन की अध्यक्षता मिर्चुमल ने की, जबकि पेशुमल संयोजक रहे। कार्यक्रम के कोषाध्यक्ष रतन सिंह और शीशराम थे। मंच पर संत समाज की ओर से हरसोली स्थित संत दास आश्रम के महाराज गरीबदास और तिगावा से सीताराम महाराज सहित समाज के कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे। उन्होंने अपने आशीर्वचनों से कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। सम्मेलन के दौरान समाज के विशिष्ट नागरिकों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती और जयघोष के साथ हुआ। इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता, संगठन और राष्ट्रीय चेतना के भाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।


