पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अजमेर में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का जिला स्तर पर लाइव प्रसारण जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में किया गया, जहां नवनियुक्त युवक-युवतियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। 174 युवाओं को मिला रोजगार का तोहफा खैरथल-तिजारा जिले में कुल 174 युवकों और युवतियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें राजस्व विभाग के 47 पटवारी, पशुपालन विभाग के कार्मिक, शिक्षा, चिकित्सा, एनएचएम, नगर निकाय, खनन एवं अन्य विभागों के पद शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की गई है। 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की सौगात देते हुए कहा कि इससे सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना और यमुना-राजस्थान लिंक से प्रदेश के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। नारी शक्ति और स्वास्थ्य पर विशेष जोर प्रधानमंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत को नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण जैसे प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। विकसित राजस्थान 2047 का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने ‘विकसित राजस्थान 2047’ का विजन दस्तावेज जारी किया है। वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, सीएमएचओ अरविंद गेट, आईटी विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र त्यागी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


