खैरलांजी में जुआ खेलते दो गिरफ्तार:दो जुआरी हुए फरार, पुलिस ने 37,800 रुपए किए जब्त

बालाघाट जिले की खैरलांजी पुलिस ने जुआ खेलते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 37,800 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी रामसिंह पटेल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, ग्राम बरखड़ी के पास एक खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने खैरलांजी निवासी अमित पिता पूरनदास बागड़े (42) और घुबड़गोंदी निवासी अशोक पिता सुखदेव भगत (34) को जुआ खेलते हुए पकड़ा। उनके पास से 37,800 रुपये नकद, ताश के 52 पत्तों की एक गड्डी और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही तिरपाल जब्त की गई। पुलिस को देखकर फरार हुए आरोपियों की पहचान विशाल मसखरे और परमेश्वर उर्फ परमया बानेवार के रूप में हुई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है। खैरलांजी थाना में सभी जुआरियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *