बिलासपुर | होली को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विभाग की टीम बाजारों में सघन निरीक्षण अभियान चला रही है। दूसरे दिन गुरुवार को टीम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में जांच अभियान चलाते हुए संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। गोलबाजार स्थित खोवा मंडी में फर्म शिव कुमार गुप्ता खोवा वाला से खोवा का नमूना लिया गया। साथ ही महेश स्वीट्स से पेड़ा का सैंपल संग्रहित कर जांच के लिए रायपुर स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी मावा और मिठाइयों की शिकायतें बढ़ जाती हैं, जिसे गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से सैंपलिंग की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


