डीएसटी और पुलिस ने तीन अलग-अलग जगह कार्रवाई कर चार पिस्टल बरामद की हैं। साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। डीएसटी को इस बारे में जानकारी मिलने पर तीनों के ठिकानों पर दबिश दी। इनमें एक के पास दो और दो के पास एक-एक पिस्टल मिली। पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि पुरानी अबादी इलाके में वार्ड 12 में सात नंबर सरकारी स्कूल के पास रहने वाले मोहनलाल उर्फ मांडा पुत्र रामलाल के पास पिस्टल होने की आशंका है और वह इसका उपयोग किसी आपराधिक घटना के लिए कर सकता है। इस पर पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी के पास दो पिस्टल बरामद हुए। इस पर उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं जवाहर नगर थाने की पुलिस जब गश्त पर निकली तो उन्हें एक युवक के पिस्टल लेकर घूमने की जानकारी मिली। इस पर चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव अक्कांवाली के रहने वाले लखवीर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह को पकड़ा। उसके पास भी पिस्टल मिली। इस पर उसे थाने लाया गया। इसी तरह लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के गांव नौ टीकेडब्ल्यू खीचड़ांवाली के एक युवक के पास भी पिस्तौल होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रियकांत उर्फ टोनी ताखर पुत्र जसपाल ताखर को गिरफ्तार किया। उसके पास भी एक पिस्टल बरामद हुई। तीनों आरोपियों को थाने लाकर पिस्तौल रखने के पीछे उनके इरादे की जानकारी जुटाई जा रही है। तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। ये लोग पिस्टल कहां से लेकर आए हैं, इस बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।


