बुरहानपुर के धूलकोट क्षेत्र स्थित ग्राम गंभीरपुरा में 23 जनवरी से 4 फरवरी तक 13 दिवसीय वार्षिक मेला लगेगा। यह मेला शिवा बाबा, मां जगदंबा, महाकाली और बीजासन देवी को समर्पित है, जिसमें प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को धूलकोट में प्रशासनिक अधिकारियों, समिति सदस्यों और ग्रामीणों की एक बैठक हुई। शिवा बाबा मेला समिति के अध्यक्ष रूप सिंह पंवार ने बताया कि मेले की तैयारियां जारी हैं। यह बैठक हर साल प्रशासन, समिति और ग्रामीणों के साथ आयोजित की जाती है। इस वर्ष की बैठक में सुक्ता, धौंड, झिरपांजरिया, अंबा, धुलकोट, हरदा, इटारिया सहित अन्य गांवों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताया
पिछले दिनों समिति पर लगाए गए विभिन्न आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मेला समिति अध्यक्ष रूप सिंह पंवार ने कहा कि कुछ लोगों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया था और पक्के मकान बनाने का प्रयास कर रहे थे। इसे रुकवाने के बाद इस मामले को मंदिर से जोड़ दिया गया। उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि वही लोग वाद-विवाद कर रहे हैं। शौचालय और पानी की कमी के आरोपों पर पंवार ने स्पष्ट किया कि मेले स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं और पानी की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है। बैठक में नेपानगर के एसडीएम भागीरथ वाखला भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बैठक मेले के बेहतर संचालन की रणनीति पर चर्चा के लिए आयोजित की गई थी। प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श हुआ और पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के संबंध में एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सभी पक्षों को सुनकर उनका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मेला समिति और प्रशासनिक निगरानी अलग-अलग होती है।


