गड़वासु में 23-25 तक होगा इनडेवेट समिट 2026

लुधियाना| गुरु अंगद देव वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना में 23 से 25 फरवरी 2026 तक प्रतिष्ठित इनडेवेट समिट 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में भारत और जर्मनी के प्रख्यात वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, शिक्षाविद तथा संस्थागत प्रमुख भाग लेंगे। इसका उद्देश्य पशु चिकित्सा विज्ञान और एक स्वास्थ्य (वन हेल्थ) के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को सुदृढ़ करना है। यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जतिंदर पॉल सिंह गिल ने बताया कि इनडेवेट पहल उत्कृष्ट अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का उदाहरण है। इसमें जर्मनी की तीन प्रमुख यूनिवर्सिटी लाइपज़िग यूनिवर्सिटी, हैनोवर पशु चिकित्सा यूनिवर्सिटी और फ्राइए यूनिवर्सिटी बर्लिन और भारत की चार अग्रणी संस्थाएं गुरु अंगद देव वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (लुधियाना), पश्चिम बंगाल पशु एवं मत्स्य विज्ञान यूनिवर्सिटी, तमिलनाडु पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान यूनिवर्सिटी और बिहार पशु विज्ञान यूनिवर्सिटी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विज्ञान, नीति और शिक्षा के बीच सेतु निर्माण विषय पर आधारित यह समिट अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने, संयुक्त शोध परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने तथा जेनेटिक रोग, खाद्य सुरक्षा, एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध और सतत पशुधन विकास जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक साझेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा। आयोजन सचिव और पशु जैव प्रौद्योगिकी कॉलेज के डीन डॉ. आर. एस. सेठी ने बताया, सम्मेलन में जर्मनी के प्रतिष्ठित पशु चिकित्सा संस्थानों से 12 वैज्ञानिक, कनाडा के अग्रणी संस्थानों से 5 विशिष्ट वैज्ञानिक तथा भारत के विभिन्न राष्ट्रीय पशु चिकित्सा एवं शोध संस्थानों से 20 से अधिक विशेषज्ञ भाग लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *