भास्कर न्यूज | राजनांदगांव गढ़चिरौली में नक्सल सप्ताह के दौरान दमरांचा के लोगों ने माओवादियों के डर को नजरअंदाज कर पुलिस के सामने तीन बंदूकें और एक बंदूक की नली सौंपी। गढ़चिरौली में कई लोगों के पास पुश्तैनी बंदूकें हैं। माओवादी इन इलाकों में लोगों को अपने आंदोलन में शामिल करने की कोशिश करते हैं। इसी को रोकने के लिए गढ़चिरौली एसपी नीलोत्पल ने अभियान चलाया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी बंदूकें पुलिस को सौंपें। इस अपील पर दमरांचा के लोगों ने अपने पास मौजूद तीन बंदूकें पुलिस को सौंप दी है। बता दें कि पिछले तीन वर्षों में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में बंदूकें पुलिस को सौंपी हैं। वर्ष 2022 में 73, वर्ष 2023 में 46 और वर्ष 2024 में 26 बंदूकें पुलिस को सौंपी गईं। इससे साफ है कि लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।