भास्कर न्यूज | गढ़वा नगरपालिका चुनाव को लेकर वार्ड नंबर छह के कुरैशी मोहल्ला और गौंड़ मोहल्ला में मूलभूत सुविधाओं की कमी बड़ा मुद्दा बनकर उभर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है। कुरैशी मोहल्ला से होकर गुजरने वाली सरस्वती नदी अब अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। नदी नाले में तब्दील नजर आती है। इसमें कचरा और गंदा पानी बहता रहता है। इस बार लोग इसे चुनावी मुद्दा बनाकर सफाई की मांग कर रहे। मोहल्लेवासी दुखी गौंड़, तुलसी गौंड़, प्रकाश प्रसाद गौंड़ आदि ने बताया कि शहर में रहने के बावजूद उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजलापूर्ति योजना के तहत बिछाई गई प्लास्टिक पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे नलों में गंदा पानी आने लगता है। वहीं मोहल्लेवासियों ने कहा कि होल्डिंग टैक्स बढ़ा दिया गया है। जिससे लगता है कि अपने ही घर में किराए के मकान में रहे रहे हैं। चुनावी माहौल में अब स्थानीय लोग जनप्रतिनिधियों से स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि नदी की नियमित सफाई और संरक्षण के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। वहीं गौंड़ मोहल्ला की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां अधिकांश लोग मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बावजूद इसके उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। {वार्ड में अंतरराज्यीय बस स्टैंड का निर्माण कराया गया है {वार्ड के विभिन्न गलियों में नाली निर्माण कराया गया है {राशन, पेंशन, आवास आदि की सुविधा मुहैया कराई गई ये काम बचे रह गए {रामबांध तालाब का सौदर्यीकरण का कार्य {गलियों में सड़क व नाली निर्माण


