गढ़वा में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग:2 लाख की संपत्ति जली, घर में 26 अप्रैल को तिलक, 30 को है शादी, परिवार वाले परेशान

गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के मझिगावां गांव स्थित महुडंड टोला में शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब दो लाख रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना में घर के बाहर एस्बेस्टस शेड के नीचे खड़ी मोटरसाइकिल और डीजल पंप पूरी तरह नष्ट हो गए। बताया जाता है कि महुडंड टोला निवासी कृष्णा यादव उर्फ नन्हक यादव के घर में अचानक बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते शेड में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल और डीजल पंप को बचाने का मौका तक नहीं मिला। परिवार में 26 को तिलक, 30 को है शादी पीड़ित के पुत्र अशोक यादव ने बताया कि उनकी पुत्री संगीता की शादी तय हो चुकी है। 26 अप्रैल को तिलक और 30 अप्रैल को विवाह की तिथि निर्धारित है। शादी में उपहार स्वरूप देने के लिए हाल ही में पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल खरीदी गई थी, जो आग में जलकर पूरी तरह राख हो गई। इसके अलावा खेती के कार्य में उपयोग होने वाला डीजल पंप भी नष्ट हो गया। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन इस चिंता में डूबे हैं कि अब निर्धारित तिथि पर शादी की तैयारी कैसे पूरी होगी। अचानक हुए नुकसान ने परिवार की आर्थिक स्थिति को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने बुझाई आग, प्रशासन से मुआवजे की मांग आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अन्यथा आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा और तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। मुखिया रीता देवी और उनके प्रतिनिधि बबलू साव ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *