सागर| गणतंत्र दिवस पर गवेषणा मानवोत्थान पर्यावरण तथा स्वास्थ्य जागरूकता समिति एवं कल्पधाम ग्रुप की सभी संस्थाओं का संयुक्त ध्वज वंदन कार्यक्रम गवेषणा कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष मनोहर चौरसिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. श्याम मनोहर सिरोठिया ने भारत में गणतंत्र के विकास, स्वतंत्रता आंदोलन तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान देश की एकता और अखंडता का आधार है। कार्यक्रम में सारांश गौतम ने भारतीय संविधान में निहित जीवन मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए और संविधान के महत्व को रेखांकित किया। इसके बाद जिज्ञासा लाइब्रेरी की छात्राओं कीर्ति कुर्मी एवं दीप्ति पटेल द्वारा राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत गीत एवं कविताओं की सुंदर प्रस्तुति दी गई।


