भास्कर न्यूज | धमतरी बीसीएस पीजी कॉलेज धमतरी में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का द्वितीय चरण था। प्रथम चरण 18 फरवरी को विज्ञान प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया गया था। द्वितीय चरण की मुख्य वक्ता शासकीय सुखराम नागे कॉलेज नगरी से सहायक प्राध्यापक डॉ. कविता थीं। उन्होंने इस वर्ष की थीम “वूमेन इन साइंस” के संदर्भ में छात्राओं की बहुलता को ध्यान में रखते हुए महिला वैज्ञानिकों के सामाजिक योगदान को रेखांकित किया। डॉ. कविता ने पीएचडी के लिए उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्तियों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को शोध कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए रिसर्च मेथोडोलॉजी को विस्तारपूर्वक समझाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के अंतर्मन में पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए विज्ञान की आवश्यकता और वैज्ञानिक सोच का विकास करना था। कार्यक्रम के अंत में प्रथम चरण के विज्ञान प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कृत और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। प्रथम ओवरलोड ट्रांसपोर्ट बेरियर मॉडल बीएससी तृतीय वर्ष गणित संकाय, द्वितीय लाइट फिडिलिटी मॉडल एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर भौतिकी और तृतीय फिश फार्म मॉडल एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर प्राणी शास्त्र रहा। प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक ने सभी प्रतिभागियों, छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर जीवन में उसके व्यावहारिक उपयोग को समझने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. राकेश साहू, भीखम लाल, आकांक्षा कश्यप, रश्मि कुजूर, गोविंद प्रसाद, दीपाली साहू, दीपांशु राठौड़, नरोत्तम लाल, डॉ. सीमा साहू आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दीपमाला सूर्यवंशी ने किया। आभार प्रदर्शन एनएस देहरी ने किया।


