गन के साथ रील बनाने वाला गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | रायगढ़ सोशल मीडिया पर गन के साथ रील बनाकर वायरल करना युवक को महंगा पड़ गया। मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा गन लहराते हुए रील पोस्ट किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। वीडियो में युवक सार्वजनिक सड़क पर हथियार दिखाते हुए नजर आ रहा था। मामला सामने आते ही पुलिस ने युवक की आईडी की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आईडी वार्ड क्रमांक 9, पुरानी बस्ती खरसिया निवासी दीदार अली की है। पुष्टि हुई कि वह इन दिनों बेहरापारा, धरमजयगढ़ में अपने जीजा के घर रह रहा था और वीडियो वहीं के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था। खरसिया और धरमजयगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दीदार अली ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई गन छर्रा चलाने वाली एयर गन है, जिसके लिए लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। लेकिन पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया में अपलोड करना कानून-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर है और इससे लोगों में भय फैल सकता है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही उसे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी समझाइश दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *