देवभोग में शुक्रवार रात 8 से 9 बजे के बीच हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। इन घटनाओं में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला हादसा उरमाल रोड पर हुआ। यहां एक बाइक सवार यात्री बस से टकरा गया, जिससे गुढियारी निवासी अजय मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा नेशनल हाईवे 130 सी पर झराबहाल के पास हुआ, जहां दो बाइकें आपस में टकरा गईं। इस टक्कर में दरलीपारा निवासी 25 वर्षीय डोमार सिंह ध्रुव और जांगड़ा निवासी 26 वर्षीय योगेश कुमार यदु की जान चली गई। तीसरा हादसा बर्बहाली में हुआ, जहां एक बाइक सवार को बड़े वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 24 वर्षीय हरिराम मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। इन हादसों में भविष्य ध्रुव और परमानंद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। देवभोग के बीएमओ डॉक्टर प्रकाश साहू ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने पुष्टि की कि तीन हादसों में कुल चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखा गया है और मामलों की जांच की जा रही है।


