गरियाबंद में निकली बाबा भूतेश्वरनाथ की पालकी, बारात में भूत-पिशाच हुए शामिल

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गरियाबंद रविवार को नगर में बाबा भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर की भव्य पालकी यात्रा और शिव बारात नगर भ्रमण के लिया निकाली गई। श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ निकली पालकी यात्रा के दौरान पूरा नगर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस भव्य धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। मरौदा से प्रारंभ हुई पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और भव्य स्वागत कर भगवान शिव का अभिनंदन किया। पालकी के दर्शन और कंधा लगाने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया। शिव बारात में भूत-पिशाच, शिवगण और मां काली के प्रभावशाली स्वरूप में सजे युवाओं ने बारात को जीवंत और अलौकिक रूप दिया। काली माता की भव्य झांकी और शिवगणों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति संगीत और नृत्य के साथ आगे बढ़ती बारात को देखने सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। ऐसा दृश्य दिखा मानो स्वयं भोलेनाथ अपने गणों के साथ नगर भ्रमण कर रहे हों। सांसद भी बा​रात में शामिल हुए: इधर, गरियाबंद पहुंचे रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शिव बारात में शामिल हुए और स्वयं पालकी को कंधा देकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा, इस पीढ़ी में इतनी गहरी आस्था और समर्पण देख मन गद्गद हो गया। युवाओं में भोलेनाथ के प्रति जो श्रद्धा दिखी, वह समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। पूरी बोल बम सेवा समिति और सभी युवाओं को इस भव्य आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। बोल बम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिषेक तिवारी, यश मिश्रा, सानू निकेश सिन्हा, आशीष देवंशी, शुभम देवंशी, अंकित देवांगन, अजय राठौर, नमन सेन, वंश दासवानी, मानव निर्मलकर, प्रशांत राठौर, पंकज पाटिल, प्रांजल साहू, कबीर सोनी, अनुराग सोनी, श्रेयांश सोनी, रोमी सिन्हा, अमन सरवा, विकाश पांडेय, विकास पिंजरा, तरुण देवांगन, अभिनव देवांगन, नवीन साहू, सूरज सिन्हा, रोहन सिन्हा, राहुल देवांगन, अरविंद यदु और खुशाल साहू सहित अनेक युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पालकी यात्रा और शिव बारात में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *