लुधियाना| बच्चों की मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ों की खूनी लड़ाई का रूप ले लिया। गांव नंदपुर में 22 फरवरी को हुई इस घटना में पड़ोसियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पीड़ित संतोष ने बताया कि उनके बच्चे गली में खेल रहे थे। खेलते समय गेंद पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में चली गई। इसी बात को लेकर पड़ोसन ने बच्चों और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर संतोष की पत्नी समझाने गई, लेकिन महिला ने उससे भी झगड़ा किया। कुछ देर बाद आरोपी महिला अपने साथ अन्य लोगों को लेकर आई और पीड़ित के घर में घुसकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अस्पताल जाकर उपचार करवाया और थाना साहनेवाल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी राजिंदर कौर, गुरप्रीत सिंह समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया मामले की जांच और आरोपियों की तलाश जारी है।


