छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पुलिस ने गांजे की तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक 4 जुलाई 2023 को, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पस्ता नाग मंदिर के पास एक संदिग्ध वाहन में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें से 15 किलो गांजा बरामद हुआ था। वाहन में मौजूद एक आरोपी, राहुल सिन्हा (निवासी रंका, झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी और वाहन चालक मनोज कुमार साव घटनास्थल से फरार हो गया था। एसपी वैभव बैंकर के निर्देश में पूरे जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, फरार आरोपी मनोज कुमार साव की तलाश में लगातार प्रयास किए गए। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मनोज कुमार साव (44) गढ़वा, झारखंड में छिपा हुआ है। 15 दिसंबर 2024 को पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


