गांजे की अवैध खेती, आरोपी गिरफ्तार:कांकेर में बाड़ी से 16.90 लाख का गांजा जब्त, न्यायिक हिरासत में भेजा

कांकेर पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कानागांव में पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 16 लाख 90 हजार रुपए का गांजा जब्त किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कानागांव निवासी सुकालु राम उईके (50 वर्ष) के घर की बाड़ी में दबिश दी। यहां से 351 छोटे-बड़े गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 31 किलोग्राम से अधिक था। इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अतिरिक्त, आरोपी के पास से एक नीले रंग की प्लास्टिक बोरी में रखा 2 किलो 740 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया। इस सूखे गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। 16.9 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त इस प्रकार, पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 16 लाख 90 हजार रुपए है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ शुभम तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और ऐसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *