बुहाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 652 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है। बुहाना थानाधिकारी बिमला बुडानिया को गुप्त सूचना मिली थी कि खरेली की ढाणी इलाके में अवैध नशे का कारोबार चल रहा है। जिस पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने एक स्पेशल टीम तैयार की। टीम ने जब रोही खरेली की ढाणी (निम्बास) में अचानक दबिश दी, तो वहां हड़कंप मच गया। मौके से पुलिस ने सुशील (43 वर्ष) पुत्र दीपचन्द जाट को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से प्लास्टिक के बैग में छिपाया हुआ 652 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने तुरंत अवैध पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी रेड में कांस्टेबल रतन सिंह का विशेष योगदान रहा। जिनकी सूझबूझ से आरोपी भागने में नाकाम रहा। थानाधिकारी विमला बुडानिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब लिंक को खंगालने में जुटी है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह गांजा कहाँ से लाया गया था। इलाके के और कौन-कौन से युवा इस नशे की चपेट में हैं। क्या इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गैंग काम कर रहा है।


