मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यकाल का 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को उदयपुर के ग्राउण्ड उदयपुर में होने वाले राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैै गांधी ग्राउंड में डोम तैयार करते हुए सजावट को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आतिथ्य में गांधी ग्राउण्ड पर शनिवार दोपहर 12 बजे राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। उदयपुर कलेक्टर अरविंद कुमार पोसवाल ने दावा किया है कि इस आयोजन में 10 हजार से अधिक महिलाओं की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दीयाकुमारी, प्रभारी मंत्री हेमन्त मीणा, टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यमंत्री मंजू बाघमार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। जिले के प्रभारी सचिव तथा खान एवं पेट्रोलियम विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी रविकान्त ने शुक्रवार को उदयपुर पहुंच कर तैयारियां का जायजा लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री राजसखी (सरस) राष्ट्रीय मेला 2024 का वर्चुअल शुभारम्भ करेंगे। साथ ही लखपति दीदी सम्मान, स्वयं सहायता समूहों को आजीविका संवर्द्धन राशि हस्तान्तरण, महिला निधि बैंक के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण, राजसखी पोर्टल का शुभारम्भ, नमो ड्रोन दीदी सम्मान, इलेक्ट्रीक कुकिंग सिस्टम वितरण करेंगे। सीएम सुरक्षा कमाण्ड सेन्टर एवं पैनिक बटन परियोजना का शुभारम्भ, आपातकाल में पुलिस सहायता हेतु महिला हेल्पलाइन एप्प का शुभारम्भ, आदर्श आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थापना, नवीन आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्वीकृति, मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना का शुभारम्भ करेंगे। इसके अलावा वे प्रधानमंत्री मातृवन्दन योजना के तहत् किश्त हस्तान्तरण, लाड़ो प्रोत्साहन योजना के तहत् प्रथम किश्त हस्तान्तरण, 27 लाख महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से सिलेण्डर सब्सिडी का भुगतान करेंगे और स्कूटी एवं साइकिल वितरण भी करेंगे। प्रभारी मंत्री करेंगे विकास पुस्तिका का विमोचन
राज्य सरकार के कार्यकाल का 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से तैयार जिला विकास पुस्तिका का विमोचन एवं जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार सुबह 10 बजे प्रभारी मंत्री हेमन्त मीणा के आतिथ्य में सूचना केंद्र परिसर में होगा। संयुक्त निदेशक जनसंपर्क डॉ कमलेश शर्मा ने बताया कि प्रभारी मंत्री श्री मीणा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति इसमें रहेगी।


