गरियाबंद| गुरुवार को कलेक्टर ने विकसित कृषि संकल्प यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से तीन किसान रथों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस यात्रा का उद्देश्य किसानों को खरीफ पूर्व नवीन कृषि तकनीकों, योजनाओं व नवाचारों की जानकारी देना है। जिले में यह अभियान 29 मई से 12 जून तक विभिन्न विकासखंडों में चलाया जाएगा। रथ प्रतिदिन दो ग्राम पंचायतों में जाकर किसानों से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और कृषक पाठशाला के माध्यम से किसानों को मिट्टी परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, धान की सीधी बुआई, फसल परिवर्तन, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक और जैविक खेती, फसलों की नई किस्में, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, पशुओं की मौसमी बीमारियां और उद्यानिकी फसलों के लाभ की जानकारी दी जाएगी। अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और विशेषज्ञ संयुक्त रूप से भाग लेंगे। उनके द्वारा राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।