भास्कर न्यूज | लुधियाना गांव कडियाना कलां स्थित गुरु कृपा राइस मिल में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मिल की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुसे और रोशनदान तोड़कर गोदाम तक पहुंचे। वहां से करीब 120 बोरी चावल, प्रत्येक 50 किलो की, चोरी कर ले गए। वारदात का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब पड़ोसी ने मिल के बाहर चावल बिखरे हुए देखे। मिल के मालिक सिमरनजोत सिंह ने बताया कि घटना 16 और 17 फरवरी की दरम्यानी रात की है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 11 बजे आरोपी रोशनदान तोड़कर अंदर दाखिल हुए। करीब साढ़े तीन घंटे तक वे मिल के अंदर रहे और रात करीब 2:30 बजे चोरी का माल समेटकर फरार हो गए। फुटेज में यह भी दिखाई दिया कि आरोपी एक छोटा हाथी कमर्शियल वाहन लेकर आए थे। उन्होंने चावल की बोरियों को वाहन में ऊपर तक भर लिया और मौके से निकल गए। अनुमान है कि चोरी किया गया माल कई टन वजन का है, जिससे मिल मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कोई जानकार वारदात की साजिश में शामिल पीड़ित सिमरनजोत सिंह का कहना है कि यह वारदात किसी जानकार व्यक्ति की लगती है। आरोपियों को मिल के अंदरूनी रास्तों की पूरी जानकारी थी। उन्होंने बिना समय गंवाए सीधे राइस रूम को निशाना बनाया और बाकी हिस्सों में नहीं भटके। इससे संदेह है कि वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।


