गांव-गांव तक पहुंचेगी विरोध की गूंज:मनरेगा को खत्म करने की साजिश के खिलाफ हुंकार: युवा कांग्रेस ने झुंझुनूं में फूंका ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ का बिगुल

मनरेगा योजना के बजट में कटौती और मजदूरों के अधिकारों पर किए जा रहे कथित प्रहार के विरोध में आज झुंझुनूं में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। युवा कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में वक्ताओं ने सरकार की नीतियों को गरीब विरोधी बताते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया। “मनरेगा सिर्फ योजना नहीं, ग्रामीण भारत की जीवनरेखा है। बैठक को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील झाझड़िया ने कहा मनरेगा महज एक सरकारी स्कीम नहीं है, बल्कि यह देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत की जीवनरेखा है। मोदी सरकार जानबूझकर फंड में कटौती करके और पंचायतों की भूमिका को सीमित कर इस योजना को गला घोंटने की कोशिश कर रही है। यह सीधे तौर पर संविधान द्वारा दिए गए ‘काम के अधिकार’ और गरीबों के हक पर हमला है। झाझड़िया ने कहा कि जहाँ पहले 100 दिन के काम की कानूनी गारंटी और समय पर भुगतान सुनिश्चित था, वहीं अब सरकार ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा देकर और मनमाने फैसले थोपकर मजदूरों को हाशिए पर धकेल रही है। आंदोलन की रणनीति: गांव-गांव तक पहुंचेगी विरोध की गूंज बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आने वाले दिनों में जिले के हर ब्लॉक और हर गांव में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ को तेज किया जाएगा। युवा कांग्रेस की टीमें घर-घर जाकर मजदूरों, युवाओं और किसानों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति जागरूक करेंगी। ये है प्रमुख मांगें गारंटी की बहाली: मनरेगा में 100 दिन के काम और मजदूरी की कानूनी गारंटी को पूर्णतः बहाल किया जाए। बजट वृद्धि: पिछले सत्रों में काटे गए मनरेगा फंड को तुरंत वापस किया जाए। सम्मानजनक मजदूरी: बढ़ती महंगाई को देखते हुए न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाकर ₹400 प्रतिदिन किया जाए। पोस्टर विमोचन के साथ संघर्ष का संकल्प बैठक के समापन पर अभियान से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जब तक मजदूरों को उनका जायज हक नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष सड़क से संसद तक जारी रहेगा। बैठक में ये रहे मौजूद इस अवसर पर NSUI जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़, झुंझुनू युवा कांग्रेस कार्यकारी विधानसभा अध्यक्ष सोहेल धानका, जिला उपाध्यक्ष जावेद सिंघानिया, जिला महासचिव किशोर बजाड़, शहबाज बाजू नुआँ, विकास चौधरी, शुशांक चौधरी, साहिल कुमार, भारत चौधरी, विकास कुमार, शौर्य सिंह, राहुल मीणा, संजय शर्मा, अविनाश सैनी, रजत चौधरी, अभिषेक शर्मा, अरबाज खान, राजेंद्र लमोरिया, अभिमन्यु राठौड़, राकेश काँटीवाल सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *