गांव वालों ने शराब के गोदाम में लगाई आग:लाठी-डंडे लेकर आए; शटर-जालियां तोड़ने की कोशिश, जान बचाकर भागे कर्मचारी

भरतपुर में ग्रामीणों ने शराब गोदाम में आग लगा दी।गोदाम का विरोध कर रहे 50 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे हाथ में लाठी और पत्थर लेकर पहुंचे। भीड़ गोदाम के गेट ओर जालियां तोड़ने लगी। यह देख अंदर काम कर रहे तीन कर्मचारियों ने उग्र भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में से कुछ लोगों ने गोदाम में आग लगा दी। तीनों कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। मामला गुरुवार दोपहर तीन बजे रूपवास थाने के बिनउआ और जरेला गांव के बॉर्डर का है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फोटोज में देखिए… महिलाओं ने लाठी और पत्थर से शटर-जालयिां तोड़ने का किया प्रयास गोदाम के कर्मचारी बनवारी ने बताया कि शराब का गोदाम बिनउआ और जरेला गांव के पास है। इस गोदाम की दुकान बिनउआ गांव में है। दोपहर करीब 50 से ज्यादा लोग हाथों में लाठी और डंडे लेकर आ रहे थे। हमें लगा ​की कहीं दूसरी जगह जा रहे हैं। इसी दौरान ये लोग गोदाम की तरफ बढ़ने लगे। कुछ देर बाद यहां भीड़ जमा हो गई। इस दौरान महिलाओं और उनके साथ आए लोगों ने लाठी और पत्थर से गेट, शटर और यहां लगी जालियां तोड़ने लगे। हम लोगों ने समझाने का प्रयास भी किया लेकिन, वे नहीं माने।
छप्पर में लगाई आग, भागकर बचाई जान कर्मचारी बनवारी ने बताया कि मैं लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने गोदाम के ऊपर रखे छप्पर में आग लगा दी। कुछ देर बाद आग गोदाम के अंदर पहुंच गई। कर्मचरियों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग लगाने के बाद ग्रामीण मौके से फरार हो गए। गोदाम के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश कि लेकिन, आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कर्मचारी बनवारी ने बताया कि यह गोदाम सतीश कुमार जैसवाल के नाम से है। जरेला गांव के ग्रामीणों ने कभी भी गोदाम को लेकर विरोध नहीं किया था। आज अचानक उन्होंने गोदाम में आग लगा दी। आग में गोदाम में रखी करीब 15 लाख की शराब जल गई। रूपवास थाना अधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि शराब के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर टीम को भेजा गया है। शिकायत आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट- दुर्गेश पाठक, रूपवास, भरतपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *