गांव हेर में ढाई, दालम में डेढ़ साल चलता रहा अवैध कॉलोनी का काम, अब पुडा की कार्रवाई

भास्कर न्यूज | अमृतसर पुडा ने गांव हेर और दालम में बन रही 2 अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। एयरपोर्ट रोड पर करीब ढाई साल से 3 एकड़ तो गांव दालम में डेढ़ साल से करीब 53 एकड़ एरिया में बाउंड्रीवॉल खड़ी हो चुकी थी। यदि कॉलोनी बनाने के शुरुआती दौर में ही कार्रवाई की गई होती तो इतना काम कॉलोनाइजर नहीं करवा पाते। फिलहाल, बरसों बाद पुडा के अफसरों ने 5 घंटे कार्रवाई के बाद कॉलोनी बनाने के लिए तैयार की गई बाउंड्रीवॉल और प्लाट तैयार करने के लिए खड़ी की गई दीवारों को जेसीबी से तोड़ दिया। साथ ही कॉलोनाइजरों को चेताया कि दोबारा से निर्माण शुरू कराया तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। पुडा के टाउन प्लानर गुरसेवक टीम के साथ सबसे पहले दोपहर करीब 12 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित सड़क किनारे करीब 3 एकड़ एरिया में डेवलप कराई जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई करने पहुंचे। कॉलोनी डेवलप करा रहे मालिक को पता चला तो लोगों के साथ रोकने पहुंचे। तोड़फोड़ न करने को लेकर मिन्नतें करते रहे लेकिन टाउन प्लानर ने कहा कि अवैध निर्माण किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। करीब सवा घंटे की कार्रवाई के बाद टीमें अजनाला रोड स्थित दालम गांव पहुंची। दालम गांव में बन रही अवैध कॉलोनी में बाउंड्रीवॉल, टो-वॉल, मेन गेट, सीवर, रास्ते बनाए जा चुके थे जहां कार्रवाई की गई। पुडा के टाउन प्लानर गुरसेवक सिंह ने बताया कि सीए अमित जैन और एडिश्नल पुडा प्रशासक इनायत के आदेश पर कार्रवाई की गई है। तहसील-2 के गांव हेर और अजनाला के गांव दालम में अवैध कॉलोनियों को जेसीबी से तोड़ा गया। दोनों ही कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया था लेकिन दरकिनार कर निर्माण कार्य कराते रहे। कॉलोनाइजर ने दालम गांव में डेवलप की जा रही कॉलोनी के संबंध में अप्रूवल के लिए अप्लाई किया है लेकिन कॉलोनी के प्रस्तावित लेआउट प्लान से अधिक एरिया में साइट पर काम कराया जा रहा था जिसे गिरा दिया गया है। विभाग ने अब तक कुल 46 अवैध कॉलोनियों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई की है जबकि 34 कॉलोनाइजरों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए लिखा जा चुका है। गांव दालम में करीब 60 एकड़ एरिया कवर करके कॉलोनी डेवलप करवाई जा रही थी। मेन गेट, एक बड़ा दफ्तर और बाउंड्रीवॉल के अलावा मिट्टी से लेवल करने का काम कराया जा चुका था। करीब 13 एकड़ जगह पर कॉलोनी तैयार कराने के लिए अप्लाई तो किया गया मगर पुडा को फीस जमा नहीं करवाई गई है। इस एरिया में जेसीबी नहीं चलाई गई। जबकि करीब 40 एकड़ जगह में अवैध कॉलोनी को लेकर बाउंड्रीवॉल करवाई गई थी उसे तोड़ दिया गया। अतिरिक्त जगह पर बाउंड्रीवॉल क्यों कराई इस बारे में मालिक के पास कोई जवाब नहीं था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *